गोदाम में मास्क फैक्टरी, टीम का छापा

Special team caught manufacturing factory of masks running in a go-down

866
Mask Pollution coronavirus Swine flu Health
Picture: Pixabay

गोहाना, सोनीपत (हरियाणा)। गोहाना में टाइल्स के गोदाम में अवैध रूप से मास्क बनाने का मामला पकड़ में आया है। जींद रोड स्थित खंदराई मोड़ के निकट सीएम फ्लाइंग की टीम ने एक टाइल्स कंपनी के शोरूम के पीछे गोदाम में रेड की तो इसका पता चला। सीएम फ्लाइंग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यहां छापा मारा।

टीम जब मौके पर पहुंची तब वहां एक कमरे के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था और उसके अंदर श्रमिक मास्क बना रहे थे। फैक्टरी में गंदगी के बीच मास्क बनाए जा रहे थे। मास्क बनाने की इस फैक्टरी का कोई लाइसेंस नहीं मिला है। टाइल्स के गोदाम में तैयार मास्क और कच्चे माल की बड़ी खेप बरामद हुई है।

गौरतलब है कि वर्तमान में कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क व सेनिटाइजर की मांग तेजी से बढ़ी है। इसका फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध रूप से मास्क तैयार करने में लगे हैं। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी अजीत सिंह को सूचना मिली कि गोहाना में खंदराई मोड़ के निकट एक कंपनी की टाइल्स के शोरूम के गोदाम में अवैध रूप से मास्क तैयार किए जा रहे हैं।

येँ भी पढ़ें  : मकान पर छापा, नकली सेनेटाइजर बनाने वाले दो भाई गिरफ्तार

इसके बाद टीम टाइल्स के शोरूम पर छापा मारने पहुंची। टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, इंडस्ट्रियल सेफ्टी व ड्रग कंटोलर की टीम भी थी। अधिकारी जब शोरूम के पीछे टाइल्स के गोदाम में पहुंचे तो वहां एक कमरे में करीब 60-70 व्यक्ति मास्क तैयार करते मिले। गोदाम के साथ ही बाहर से बंद पड़े दूसरे कमरे के अंदर भी श्रमिक मास्क तैयार करते मिलेे।

गोदाम में कई जगह धूल व गंदगी भी नजर आई। टाइल्स का शोरूम गोहाना शहर निवासी शिवचरण व मुकेश का बताया गया है। यहां उसका दिल्ली का एक रिश्तेदार मास्क तैयार करवा रहा था। यहां से भारी मात्रा में तैयार मास्क व कच्चा माल मिला है। जांच में यहां मास्क तैयार किए जाने का कोई लाइसेंस नहीं मिला है। जिस पर सीएम फ्लाइंग ने कार्रवाई के लिए लिख दिया है। अभी सभी विभागों की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।